लिस्टेरियोसिस

​लिस्टेरियाएकबीमारीहैजोआमतौरपरलिस्टेरियामोनोसाइटोजेन्सनामकबैक्टीरियासेदूषितखाद्यपदार्थखानेसेहोतीहै। लिस्टेरियोसिसगर्भवतीमहिलाओंऔरकमज़ोरप्रतिरक्षाप्रणालीवालेलोगोंमेंहोनेवालीएकगंभीरबीमारीहै। इससंक्रमणकाइलाजएंटीबायोटिकदवाओंसेकियाजाताहै।

Last updated: 18 December 2025
Download

लिस्टेरियोसिस क्या है?

लिस्टेरियोसिस एक दुर्लभ बीमारी है जो Listeria monocytogenes नामक बैक्टीरिया से दूषित भोजन खाने से होती है।लिस्टेरिया बैक्टीरिया पर्यावरण और कुछ कच्चे खाद्य पदार्थों में आम हैं। लिस्टेरिया बैक्टीरिया युक्त खाद्य पदार्थ खाने से ज़्यादातर लोग बीमार नहीं पड़ते। न्यू साउथ वेल्स में हर साल लिस्टेरियोसिस के आमतौर पर 20 से 30 मामले सामने आते हैं। हालाँकि लिस्टेरियोसिस दुर्लभ है, लेकिन इसकी मृत्यु दर बहुत ज़्यादा है।

लक्षण क्या हैं?

रोग के प्रथम लक्षण दिखने (संक्रमण होने और लक्षणों के बीच) की अवधि तीन से 70 दिनों तक हो सकती है, लेकिन औसतन लगभग तीन सप्ताह की होती है। संक्रमण से सेप्टीसीमिया (रक्त विषाक्तता) और मेनिन्जाइटिस (मस्तिष्क की सूजन) हो सकता है। गर्भावस्था के दौरान संक्रमण से गर्भपात, मृत जन्म और नवजात शिशु में संक्रमण हो सकता है।

लक्षणों में शामिल हैं: बुखार, मांसपेशियों में दर्द, और कभी-कभी मतली और दस्त जैसे गैस्ट्रोइंटेस्टिनल (जठरांत्र) संबंधी लक्षण। और अधिक गंभीर मामलों में, बेहोशी और सदमे जैसे लक्षण  भी शामिल हो सकते हैं। यदि संक्रमण केंद्रीय तंत्रिका तंत्र में फैल जाता है, तो सिरदर्द, गर्दन में अकड़न, भ्रम, संतुलन की कमी, ऐंठन और कोमा जैसे लक्षण हो सकते हैं। इनमें से लगभग एक तिहाई मरीज़ों की मृत्यु हो सकती है।

यह कैसे फैलता है?

लिस्टेरिया प्रकृति में व्यापक रूप से फैला हुआ है और आमतौर पर घरेलू और जंगली जानवरों की कई प्रजातियों द्वारा फैलाया जाता है।कच्चा मांस, बिना पाश्चुरीकृत दूध, कच्चे फल और सब्ज़ियाँ इस जीवाणु से दूषित हो सकते हैं।

जिन लोगों को इसका खतरा है, वे लिस्टेरिया जीवाणु से दूषित भोजन खाने से लिस्टेरियोसिस से संक्रमित हो सकते हैं।यदि गर्भावस्था के दौरान माताएँ दूषित भोजन खाती हैं, तो शिशुओं में लिस्टेरियोसिस हो सकता है।कच्चे दूध, नरम पनीर, पहले से तैयार सलाद (उदाहरण के लिए, सलाद बार से), बिना धुली कच्ची सब्ज़ियाँ, मीट या फिश से बनी पास्ती,ठंडा कटा हुआ चिकन, रॉकमेलन और पहले से कटे हुए फल और फलों के सलाद से बीमारी का प्रकोप देखा गया है।

इसके होने का खतरा किसे है?

गर्भवती महिलाएं और भ्रूण, नवजात शिशु, बुजुर्ग और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोग (उदाहरण के लिए: कैंसर का इलाज करा रहे लोग या स्टेरॉयड ले रहे लोग, और मधुमेह [डायबिटीज], गुर्दे की बीमारी, लिवर रोग और HIV संक्रमण से ग्रस्त लोग)।

इसकी रोकथाम कैसे की जाती है?

लिस्टेरियोसिस से बचाव के लिए:

  • उच्च जोखिम वाले खाद्य पदार्थों से बचें (जैसा कि नीचे बताया गया है)
  • पशु स्रोतों से प्राप्त कच्चे खाद्य पदार्थों, जैसे कि गोमांस, मेमने (लैम्ब), सूअर का मांस, या मुर्गी, को अच्छी तरह पकाएँ
  • खाने से पहले कच्ची सब्जियों और फलों को अच्छी तरह धोएँ
  • कच्चे मांस को सब्ज़ियों, पके हुए खाद्य पदार्थों और खाने के लिए तैयार खाद्य पदार्थों से अलग रखें (अर्थात, कच्चे मांस के खून को अन्य खाद्य पदार्थों के संपर्क में न आने दें)
  • कच्चे मांस और खाने के लिए तैयार खाद्य पदार्थों (जैसे, पके हुए खाद्य पदार्थ और सलाद) के लिए अलग-अलग कटिंग बोर्ड का उपयोग करें।
  • खाना बनाने से पहले और बाद में अपने हाथ धोएँ
  • कच्चे खाद्य-पदार्थ को छूने के बाद चाकू और कटिंग बोर्ड धोएँ
  • जानवरों को छूने के बाद अपने हाथ धोएँ
  • जल्दी खराब होने वाले खाने को ठंडे (5 डिग्री सेल्सियस से कम) रेफ्रिजरेटर में रखना चाहिए और जितनी जल्दी हो सके धोकर खाना चाहिए।

लिस्टेरियोसिस के अधिक जोखिम वाले लोगों को ये नहीं खाना चाहिए:

  • रॉकमेलन (खरबूजा)
  • पहले से कटे हुए फल या पहले से तैयार फल, जिनमें फ्रूट सलाद (पहले से पैक किया हुआ, बुफे या सलाद बार से) शामिल हैं
  • पहले से पैक किए हुए ठंडे सलाद, जिनमें कोलस्लॉ (पहले से पैक किया हुआ, बुफ़े या सलाद बार से) शामिल हैं
  • फ्रोजेन सब्ज़ियाँ, जब तक पकाई न गई हों
  • पहले से पका हुआ ठंडा चिकन (पूरा, भागों में या कटा हुआ)
  • ठंडा डेलीकैटसन मीट (ताज़ा कटा हुआ, पहले से पैक किया हुआ या सैंडविच बार से)
  • पेटे या मीट स्प्रेड
  • कच्चा समुद्री भोजन (सीफूड)
  • स्मोक्ड सीफ़ूड (उदाहरण के लिए, स्मोक्ड सैल्मन), जब तक कि उसे पकाकर गरमागरम न परोसा जाए
  • ठंडा सीफ़ूड (उदाहरण के लिए, खाने के लिए तैयार झींगे)
  • अपाश्चुरीकृत दूध या दूध से बने उत्पाद
  • ब्री, कैमेम्बर्ट, रिकोटा या ब्लू-वेन जैसे सॉफ्ट चीज़ (जब तक कि उसे गरमागरम पकाकर न खाया जाए)
  • सॉफ्ट सर्व आइसक्रीम
  • अंकुरित बीज

इसका निदान कैसे किया जाता है?

लिस्टेरियोसिस के निदान की पुष्टि डॉक्टर द्वारा निर्धारित रक्त या अन्य परीक्षणों से की जा सकती है।

इसका इलाज कैसे किया जाता है?

उपचार में एंटीबायोटिक्स और सहायक चिकित्सा शामिल है। जब गर्भावस्था के दौरान संक्रमण होता है, तो एंटीबायोटिक्स अक्सर भ्रूण या नवजात शिशु के संक्रमण को रोक सकते हैं। शीघ्र उपचार के बावजूद, कुछ संक्रमणों के कारण रोगी की मृत्यु हो जाती है, खासकर बुजुर्गों और अन्य गंभीर चिकित्सा समस्याओं वाले लोगों में।

जन स्वास्थ्य प्रतिक्रिया क्या है?

प्रयोगशालाओं को लिस्टेरियोसिस के मामलों की सूचना स्थानीय जन स्वास्थ्य इकाई को देनी होगी।

जन स्वास्थ्य इकाई के कर्मचारी डॉक्टर और मरीज़ (या परिवार) से बातचीत करके यह पता लगाएँगे कि संक्रमण कैसे हुआ।

NSW खाद्य प्राधिकरण, NSW स्वास्थ्य के सहयोग से, लिस्टेरियोसिस की पर्यावरणीय जाँच के लिए ज़िम्मेदार है।

यदि आपको लिस्टेरियोसिस का खतरा है और आपके कोई प्रश्न हैं, तो आपको अपने स्वास्थ्य सेवा प्रदाता या स्थानीय जन स्वास्थ्य इकाई से संपर्क करना चाहिए।

अतिरिक्त संसाधन

अधिक जानकारी के लिए, मुफ़्त और गोपनीय भाषा सहायता के लिए अनुवाद एवं दुभाषिया सेवा (TIS) को 131 450 पर कॉल करें। उन्हें अपनी भाषा बताएँ और बताएँ कि आप इनसे बात करना चाहते हैं:

  • ​अपकी स्थानीय जन स्वास्थ्य इकाई से 1300 066 055 पर
  • 24 घंटे निःशुल्क स्वास्थ्य सलाह के लिए 1800 022 222 पर Healthdirect से

लिस्टेरियोसिस से बचाव के बारे में अधिक जानकारी के लिए देखें:

Current as at: Thursday 18 December 2025
Contact page owner: Communicable Diseases