चिकनगुनियातथ्यपत्रक

चिकनगुनियावायरससेसंक्रमित मच्छरों के माध्यम से लोगों में चिकनगुनिया फैलता है। इसके लक्षणों में बुखार, चकत्ते और जोड़ों में दर्द शामिल हैं। यह वायरस मुख्यतः अफ्रीका, एशिया, पश्चिमी प्रशांत और अमेरिका में पाया जाता है। प्रभावित क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को संक्रमण से बचने के लिए मच्छरों के काटने से बचना चाहिए।

Last updated: 19 December 2025

चिकनगुनिया क्या है?

चिकनगुनिया वायरस संक्रमण (चिकनगुनिया) एक वायरस के कारण होता है जो दो प्रकार के मच्छरों द्वारा फैलता है:

  • डेंगू मच्छर (Aedes aegypti)
  • एशियाई टाइगर मच्छर (Aedes albopictus)।

चिकनगुनिया के लक्षण क्या हैं?

चिकनगुनिया के लक्षणों में शामिल हैं:

  • बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द
  • जोड़ों में सूजन, अकड़न और दर्द, खासकर सुबह के समय
  • चकत्ते, आमतौर पर धड़ या अंगों पर। यह आमतौर पर 7-10 दिनों तक रहता है
  • थकान या कमजोरी महसूस होना।

लक्षण आमतौर पर संक्रमित मच्छर के काटने के लगभग 7-10 दिनों बाद विकसित होते हैं।

चिकनगुनिया वायरस से संक्रमित ज़्यादातर लोग कुछ सप्ताहों में ठीक हो जाते हैं। कुछ लोगों को कई सप्ताहों तक थकान और कई महीनों तक जोड़ों में दर्द का अनुभव हो सकता है।

चिकनगुनिया कैसे फैलता है?

चिकनगुनिया वायरस से संक्रमित मच्छर के काटने से लोगों में चिकनगुनिया वायरस का संक्रमण हो जाता है। चिकनगुनिया सीधे एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलता है।

मच्छर तब संक्रमित होते हैं जब वे उस व्यक्ति को काटते हैं जिसके खून में चिकनगुनिया वायरस होता है। संक्रमित होने के बाद, मच्छर के अंदर वायरस बढ़ता जाता है और मच्छर के काटने पर यह वायरस दूसरे लोगों को भी संक्रमित कर सकता है।

चिकनगुनिया होने का ख़तरा किसे है?

चिकनगुनिया वायरस अफ़्रीका, एशिया, अमेरिका और पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में पाया जाता है। जो लोग उन जगहों की यात्रा करते हैं जहाँ चिकनगुनिया होता है, उन्हें संक्रमण फैलाने वाले मच्छरों (डेंगू मच्छर या एशियाई टाइगर मच्छर) के काटने से संक्रमण का ख़तरा होता है।

चिकनगुनिया इन लोगों के लिए ज़्यादा गंभीर हो सकता है:

  • 65 वर्ष से अधिक आयु के वृद्ध लोग
  • जन्म के समय संक्रमित नवजात शिशु
  • हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और मधुमेह (डायबिटीज) जैसी अंडरलाइंग (अंतर्निहित) चिकित्सीय स्थितियों वाले लोग।

चिकनगुनियाकी रोकथाम कैसे की जाती है?

ऑस्ट्रेलिया में चिकनगुनिया से लड़ने के लिए फिलहाल कोई टीका स्वीकृत नहीं है।

मच्छरों के काटने से बचने के लिए, ये कदम उठाएँ:

  • हल्के रंग की, लंबी बाजू की शर्ट, लंबी पतलून और बंद जूते पहनें। मच्छर तंग कपड़ों में भी काट सकते हैं।
  • पिकारिडिन, DEET या लेमन यूकेलिप्टस के तेल युक्त मोस्किटो रिपेलेंट (मच्छर अवरोधक) को त्वचा के सभी खुले हिस्सों पर समान रूप से लगाएँ। प्राकृतिक या घर में बने मच्छर भगाने वाले उत्पाद सीमित सुरक्षा प्रदान करते हैं। यह जानने के लिए कि आपको कितनी बार रिपेलेंट लगाना चाहिए, निर्देश पढ़ें। हमेशा पहले सनस्क्रीन लगाएँ और फिर रिपेलेंट लगाएँ।
  • मच्छरों के काटने के सबसे ज़्यादा समय के दौरान विशेष सावधानी बरतें। मच्छरों की कुछ प्रजातियाँ पूरे दिन काटती हैं।
  • घर के आसपास जमा पानी हटा दें क्योंकि ये मच्छरों के प्रजनन का स्थान बन सकते हैं।
  • मच्छरदानियों का इस्तेमाल करें और खिड़कियों और दरवाज़ों पर जाली लगाएँ।
  • मच्छर जनित बीमारियों के ज़्यादा जोखिम वाले इलाकों में यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।

ऊपर बताए गए सामान्य सुरक्षा उपायों के अलावा, विदेश यात्रा करते समय आपको ये कदम भी उठाने चाहिए:

  • स्क्रीन लगे या वातानुकूलित कमरों में रहें और सोएँ।
  • अगर सोने का क्षेत्र बाहर की ओर खुला है, तो मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। प्रभावी मच्छरदानियों को पाइरेथ्रोइड कीटनाशक, जैसे पर्मेथ्रिन, से उपचारित किया जाता है। यात्रा से पहले पूर्व-उपचारित मच्छरदानियाँ खरीदी जा सकती हैं, या खरीदने के बाद भी उनका उपचार किया जा सकता है।
  • मच्छर जनित रोगों के उच्च संचरण या प्रकोप वाले ज्ञात क्षेत्रों से बचें।

मच्छरों के काटने से बचाव की जानकारी के लिए, मच्छर स्वास्थ्य के लिए ख़तरा हैं, इस तथ्यपत्र को देखें। स्मार्टरेवलर वेबसाइट पर भी विशिष्ट स्थलों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध है।

चिकनगुनिया का निदान कैसे किया जाता है?

आपका डॉक्टर रक्त का नमूना लेकर चिकनगुनिया वायरस की जाँच करवा सकता है। हाल ही में हुए संक्रमण की पुष्टि के लिए दूसरी रक्त जाँच की आवश्यकता हो सकती है।

चिकनगुनिया का इलाज कैसे किया जाता है?

चिकनगुनिया का कोई विशिष्ट उपचार नहीं है। आपका डॉक्टर आपको लक्षणों का इलाज एंटी-इंफ्लेमेटरी (सूजन-रोधी) दवाओं से करने की सलाह देगा।

सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रतिक्रिया क्या है?

जब प्रयोगशालाओं को किसी व्यक्ति में चिकनगुनिया वायरस की पुष्टि होती है, तो वे अपनी स्थानीय जन स्वास्थ्य इकाई को सूचित करती हैं।

जन स्वास्थ्य इकाइयाँ प्रत्येक मामले का निर्धारण करती हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि व्यक्ति संभवत: कहाँ संक्रमित हुआ था।

यह जानकारी इस बात का पता लगाने में मदद करने के लिए महत्वपूर्ण है कि क्या कम जोखिम वाले क्षेत्रों में संक्रमण फैल रहा है। इसका उद्देश्य ऑस्ट्रेलिया के उन क्षेत्रों में संक्रमण को रोकना भी है जहाँ चिकनगुनिया फैलाने वाले मच्छरों की प्रजाति पाई जाती है।

अतिरिक्त संसाधन

अगर आपको चिकनगुनिया के लक्षण दिखाई दें और आप चिंतित हैं, तो तुरंत अपने डॉक्टर से बात करें या आपात स्थिति में ट्रिपल ज़ीरो (000) पर कॉल करें।

अधिक जानकारी के लिए, मुफ़्त और गोपनीय भाषा सहायता के लिए अनुवाद एवं दुभाषिया सेवा (TIS) को 131 450 पर कॉल करें। उन्हें अपनी भाषा बताएँ और बताएँ कि आप इनसे बात करना चाहते हैं:

  • अपकी स्थानीय जन स्वास्थ्य इकाई से 1300 066 055 पर
  • 24 घंटे निःशुल्क स्वास्थ्य सलाह के लिए 1800 022 222 पर healthdirect से
  • वैकल्पिक रूप से, अपने स्थानीय फार्मासिस्ट से बात करें।

चिकनगुनिया से बचाव के बारे में अधिक जानकारी के लिए देखें: मच्छर स्वास्थ्य के लिए ख़तरा हैं फैक्टशीट और विदेशों में सुरक्षित और स्वस्थ रहना देखें

Current as at: Friday 19 December 2025
Contact page owner: One Health