हेपेटाइटिस ए तथ्य पत्रक

हेपेटाइटिस ‘ए’ लिवर (जिगर) का एक विषाणुजनित संक्रमण है। यह विषाणु दूषित भोजन खाने या दूषित पानी पीने से, या किसी संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। टीकाकरण और अच्छी स्वच्छता संक्रमण से बचाव करती है।

Last updated: 18 December 2025

हेपेटाइटिस ‘ए’ क्या है?

'हेपेटाइटिस' का अर्थ है लिवर में सूजन या जलन। यह रसायनों या दवाओं, या विभिन्न प्रकार के वायरल संक्रमणों के कारण हो सकता है।

हेपेटाइटिस ‘ए’ वायरस हेपेटाइटिस का एक प्रकार है। एक प्रकार के हेपेटाइटिस वायरस से संक्रमण अन्य हेपेटाइटिस वायरस के संक्रमण से सुरक्षा प्रदान नहीं करता है। हेपेटाइटिस ‘ए’ ऑस्ट्रेलिया में आम नहीं है, ज़्यादातर लोग विदेश यात्रा के दौरान इस संक्रमण का शिकार होते हैं।

हेपेटाइटिस ‘ए’ के लक्षण क्या हैं?

हेपेटाइटिस ‘ए’ के लक्षणों में शामिल हैं:

  • अस्वस्थ महसूस करना
  • थकान
  • बुखार
  • मतली
  • भूख न लगना
  • पेट में तकलीफ
  • जोड़ों में दर्द (कभी-कभी)
  • गहरा पेशाब, पीला मल और पीलिया (आँखों और त्वचा का पीला पड़ना)। इस रोग के सभी मामलों में पीलिया, गहरा पेशाब और पीला मल नहीं होता है।

हेपेटाइटिस के लक्षण आमतौर पर वायरस के संपर्क में आने के लगभग चार हफ़्ते बाद दिखाई देते हैं। कभी-कभी लक्षण दो से सात हफ़्तों के बीच भी दिखाई दे सकते हैं।

बीमारी आमतौर पर हल्की होती है और एक से तीन हफ़्ते तक रहती है। लगभग सभी लोग पूरी तरह ठीक हो जाते हैं।

कुछ लोगों, खासकर पुरानी लिवर की बीमारी वाले लोगों में, ज़्यादा गंभीर लक्षण दिखाई दे सकते हैं। संक्रमित होने वाले छोटे बच्चों में आमतौर पर कोई लक्षण नहीं दिखाई देते हैं।

हेपेटाइटिस ‘ए’ से लिवर की बीमारी लम्बे समय के लिए नहीं होती है, हेपेटाइटिस ‘ए’ से मृत्यु की घटनाएँ होती हैं, लेकिन बहुत दुर्लभ। कभी-कभी लोग इस बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती होते हैं और बीमारी ठीक होने के बाद भी उनके लक्षण फिर से उभर सकते हैं।

हेपेटाइटिस ‘ए’ कैसे फैलता है?

इस रोग से संक्रमित व्यक्ति के मल में हेपेटाइटिस ‘ए’ वायरस की बड़ी मात्रा पाई जाती है। यह वायरस सही परिस्थितियों में कई हफ़्तों तक पर्यावरण में जीवित रह सकता है।

हेपेटाइटिस ‘ए’ आमतौर पर तब फैलता है जब किसी संक्रमित व्यक्ति का वायरस किसी अन्य व्यक्ति द्वारा निम्नलिखित माध्यम से निगल लिया जाता है:

  • दूषित कच्चा, जमा हुआ या अधपका भोजन खाने से
  • दूषित पानी पीने से
  • हेपेटाइटिस से ग्रस्त व्यक्ति के गंदे डायपर, लिनन या तौलिये को छूने से
  • टूथब्रश जैसी निजी वस्तुओं को साझा करने से
  • हेपेटाइटिस से पीड़ित व्यक्ति के साथ सीधा संपर्क (यौन संपर्क सहित) करने से

हेपेटाइटिस ‘ए’ के प्रकोप का पता इन कारणों से लगाया गया है:

  • व्यक्ति-से-व्यक्ति प्रसार
  • यौन संपर्क, खासकर उन पुरुषों के बीच जो पुरुषों के साथ यौन संबंध रखते हैं
  • आयात किए हुए जमे हुए (फ्रोजन) फलों का सेवन
  • सीवेज से दूषित हुआ पानी पीना
  • ऐसे खाद्य पदार्थ खाना जो अपने स्रोत से ही दूषित हो गए हों, जैसे सब्जियाँ, विभिन्न प्रकार की बैरी और शैल वाली मछली
  • दूषित भोजन खाने से
  • चाइल्ड केयर केंद्रों, नर्सिंग होम और जेलों में।

संक्रमित लोग आमतौर पर लक्षण विकसित होने से दो सप्ताह पहले से लेकर पीलिया (आँखों और त्वचा का पीला पड़ना) होने के एक सप्ताह बाद तक दूसरों को वायरस फैला सकते हैं। अगर उन्हें पीलिया नहीं होता है, तो वे लक्षण विकसित होने के दो सप्ताह बाद तक वायरस फैला सकते हैं। इसके बाद लोगों को सावधान रहना चाहिए क्योंकि वायरस मल के साथ लंबे समय तक रह सकता है।

हेपेटाइटिस ‘ए’ का संक्रमण विदेश यात्रा करने वाले लोगों के लिए, खासकर उन विकासशील देशों में जाने वाले लोगों के लिए एक समस्या बना हुआ है जहाँ हेपेटाइटिस ‘ए’ आम है।

हेपेटाइटिस ‘ए’ होने का खतरा किसे होता है?

जिन लोगों को हेपेटाइटिस ‘ए’ नहीं हुआ है और जिन्हें इसका टीका नहीं लगा है, उन्हें इस बीमारी का खतरा है।

हेपेटाइटिस ‘ए’ की रोकथाम कैसे की जाती है?

टीकाकरण

हेपेटाइटिस ‘ए’ के खिलाफ एक सुरक्षित और प्रभावी टीका उपलब्ध है।

सर्वोत्तम सुरक्षा प्रदान करने में टीके को दो सप्ताह या उससे अधिक समय लग सकता है। दीर्घकालिक सुरक्षा के लिए छह महीने के अंतराल पर दो खुराक लेने की सलाह दी जाती है।

यदि संपर्क के दो सप्ताह के भीतर टीका लगाया जाए, तो यह वायरस के संपर्क में आए व्यक्ति की रक्षा कर सकता है।

निम्नलिखित उच्च-जोखिम वाले समूहों के लिए टीकाकरण की सिफारिश की जाती है:

  • उन देशों के यात्री जहाँ हेपेटाइटिस ए आम है (अधिकांश विकासशील देश)
  • ग्रामीण और दूरदराज के स्वदेशी समुदायों में अक्सर आने वाले लोग
  • कुछ स्वास्थ्य सेवा कर्मी जो स्वदेशी समुदायों में या उनके साथ काम करते हैं
  • सीवरेज कर्मचारी
  • प्लंबर
  • पुरुषों के साथ यौन संबंध रखने वाले पुरुष
  • चाइल्डकेयर (बाल देखभाल) और प्री-स्कूल कर्मचारी
  • बौद्धिक रूप से विकलांग और उनके देखभालकर्ता
  • अवैध दवाओं का उपयोग करने/इंजेक्शन लगाने वाले लोग
  •  दीर्घकालिक यकृत रोग वाले रोगी
  • हीमोफीलिया से पीड़ित लोग जिन्हें नियमित रक्तदान की आवश्यकता होती है।

हेपेटाइटिस ‘ए’ से बचने के लिए और क्या किया जा सकता है?

सभी को अपने हाथों को साबुन और बहते पानी से कम से कम 10 सेकंड तक अच्छी तरह धोना चाहिए और उन्हें साफ़ तौलिये से सुखाना चाहिए:

  • शौचालय जाने के बाद
  • खाने से पहले
  • भोजन या पेय-पदार्थ तैयार करने से पहले
  • संभवत: संदूषित हुई वस्तुओं जैसे नैपी और कंडोम को छूने के बाद।

आयात किये हुए जमे हुए (फ्रोजन) फल के उत्पाद हेपेटाइटिस ‘ए’ के कई प्रकोपों का स्रोत रहे हैं। इन उत्पादों को खाने से पहले इन्हें पकाने से हेपेटाइटिस ‘ए’ और अन्य संभावित खाद्य जनित संक्रमणों का खतरा समाप्त हो जाता है।

हेपेटाइटिस ए दूसरों को न हो, इसके लिए क्या किया जा सकता है?

अगर आपको हेपेटाइटिस ‘ए’ है:

  • अपने हाथों को साबुन और गर्म पानी से अच्छी तरह धोएँ, साफ़ तौलिये से सुखाएँ
  • दूसरों के लिए खाना या पेय पदार्थ न बनाएँ
  • खाने-पीने के बर्तन दूसरों के साथ साझा न करें
  • बिस्तर-चादर और तौलिये दूसरों के साथ साझा न करें
  • यौन संबंध न बनाएँ
  • खाने के बर्तन साबुन के पानी में धोएँ, और बिस्तर-चादर और तौलिये मशीन में धोएँ।

हेपेटाइटिस ‘ए’ से पीड़ित सभी लोगों को काम पर या स्कूल लौटने से पहले अपने डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।

निम्नलिखित लोगों में हेपेटाइटिस ‘ए’ दूसरों को संक्रमित करने का जोखिम अधिक होता है और उन्हें काम पर या स्कूल लौटने से पहले अपने डॉक्टर से जांच करानी होगी:

खाने-पीने की चीज़ें संभालने वाले लोग

लोग जिनके काम में निकट व्यक्तिगत संपर्क शामिल होता है, जैसे कि बच्चों के देखभालकर्ता और स्वास्थ्य कार्यकर्ता

चाइल्ड केयर (बाल देखभाल) केंद्रों में जाने वाले बच्चे

हेपेटाइटिस ‘ए’ का निदान कैसे किया जाता है?

डॉक्टर मरीज के लक्षणों के आधार पर हेपेटाइटिस ‘ए’ का निदान करेंगे और पुष्टि के लिए हेपेटाइटिस ‘ए’ एंटीबॉडी के लिए रक्त परीक्षण करेंगे। कभी-कभी, रक्त या मल के नमूनों पर निदान के लिए हेपेटाइटिस ‘ए’ डीएनए परीक्षण (PCR) का भी उपयोग किया जा सकता है।

हेपेटाइटिस ‘ए’ का इलाज कैसे किया जाता है?

हेपेटाइटिस ‘ए’ का कोई विशिष्ट उपचार नहीं है।

संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के दो सप्ताहों के भीतर टीकाकरण या इम्युनोग्लोबुलिन का इंजेक्शन लगवाने से बीमारी से बचा जा सकता है। संक्रामक व्यक्ति के घरेलू संपर्कों और यौन साझेदारों को टीकाकरण या इम्युनोग्लोबुलिन देने की आवश्यकता हो सकती है।

हेपेटाइटिस ‘ए’ से पीड़ित लोगों के लिए आराम करने, खूब सारा तरल पदार्थ पीने और अच्छा खाना खाने की सलाह दी जाती है।

शराब से परहेज करने से भी लिवर पर दबाव कम होगा।

जन स्वास्थ्य प्रतिक्रिया क्या है?

डॉक्टरों, अस्पतालों और प्रयोगशालाओं को हेपेटाइटिस ‘ए’ संक्रमण के मामलों की सूचना स्थानीय जन स्वास्थ्य इकाई को गोपनीय रूप से देनी होगी।

जन स्वास्थ्य इकाई के कर्मचारी डॉक्टर, मरीज़ या मरीज़ के परिवार के साथ मिलकर संक्रमण के जोखिम वाले निकट संपर्कों की पहचान करेंगे और जोखिम वाले लोगों को बीमारी के बारे में जानकारी और ज़रूरत पड़ने पर निवारक उपचार की व्यवस्था करेंगे।

जन स्वास्थ्य इकाई के कर्मचारी चाइल्डकेयर (बाल देखभाल) केंद्र में जाने वाले या काम करने वाले लोगों और बिक्री के लिए खाद्य पदार्थों का प्रबंधन करने वाले लोगों में हेपेटाइटिस ‘ए’ के मामलों के प्रबंधन के लिए विशेष दिशानिर्देशों का पालन करते हैं।

जन स्वास्थ्य इकाई के कर्मचारी हेपेटाइटिस ‘ए’ के प्रकोप की जाँच भी करते हैं ताकि प्रकोप के कारण का पता लगाया जा सके, इसके प्रसार को नियंत्रित किया जा सके और आगे के संक्रमण को रोका जा सके।

अतिरिक्त संसाधन

अधिक जानकारी के लिए, मुफ़्त और गोपनीय भाषा सहायता के लिए अनुवाद एवं दुभाषिया सेवा (TIS) को 131 450 पर कॉल करें। उन्हें अपनी भाषा बताएँ और बताएँ कि आप इनसे बात करना चाहते हैं:

  • अपकी स्थानीय जन स्वास्थ्य इकाई से 1300 066 055 पर
  • 24 घंटे निःशुल्क स्वास्थ्य सलाह के लिए 1800 022 222 पर healthdirect से
  • वैकल्पिक रूप से, अपने स्थानीय फार्मासिस्ट से बात करें।

Current as at: Thursday 18 December 2025
Contact page owner: One Health