शिगेला (shigellosis)

शिगेलोसिस शिगेला बैक्टीरिया से होने वाला एक रोग है। यह दस्त का कारण बनता है और लोगों के बीच आसानी से फैलता है।

Last updated: 18 December 2025

शिगेला क्या है?

शिगेला संक्रमण, जिसे shigellosis भी कहा जाता है, शिगेला बैक्टीरिया के कारण होता है। शिगेला बैक्टीरिया संक्रमित व्यक्ति के मल के संपर्क में आने से, या दूषित पानी या भोजन पीने या खाने से फैल सकता है। यह आमतौर पर दस्त का कारण बनता है।

शिगेला के लक्षण क्या हैं?

शिगेला संक्रमण के लक्षणों में शामिल हैं:

  • दस्त
  • बुखार
  • मतली
  • मल में खून या बलगम
  • उल्टी, और पेट में ऐंठन भी हो सकती है

लक्षण आमतौर पर संक्रमित होने के 1-3 दिन बाद शुरू होते हैं। लक्षण आमतौर पर 4-7 दिनों तक रहते हैं, लेकिन ये ज़्यादा समय तक भी रह सकते हैं।

कुछ लोगों में, लक्षण एक सप्ताह तक भी दिखाई नहीं दे सकते हैं या फिर उनमें लक्षण विकसित ही नहीं हो सकते हैं।

शिगेला कैसे फैलता है?

शिगेला मल (poo) में पाया जाता है। आपको शिगेला संक्रमण इन तरीकों से हो सकता है:

  • इस बैक्टीरिया से दूषित भोजन खाने या पानी पीने से
  • संदूषित वस्तुओं जैसे नलों, diaper (नैप्पियों) और खिलौनों को छूने के बाद अपने मुँह को छूने से
  • संक्रमित व्यक्ति के साथ मुख या गुदा मैथुन (sex) करने से

शिगेला होने का ख़तरा किसे है?

शिगेला संक्रमण के सबसे ज़्यादा ख़तरे वाले लोगों में शामिल हैं:

  • वे लोग जो उन देशों की यात्रा करते हैं जहाँ शिगेला आम है
  • वे पुरुष जो पुरुषों के साथ यौन संबंध रखते हैं
  • बच्चे
  • कमज़ोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोग
  • बुज़ुर्ग।

शिगेला की रोकथाम कैसे की जाती है?

शिगेला संक्रमण से बचने के लिए, आपको निम्नलिखित कदम उठाने चाहिए:

  • निम्न काम करने के बाद अपने हाथों को साबुन और पानी से कम से कम 20 सेकंड तक अच्छी तरह धोना चाहिए:
    • शौचालय जाने के बाद
    • diaper बदलने के बाद
    • मल पदार्थ के किसी भी संभावित संपर्क के बाद
    • भोजन की संभाल करने या अन्य लोगों की देखभाल करने से पहले
  • कच्ची खाई जाने वाली सब्ज़ियों और फलों को धोना चाहिए

जिन देशों में शिगेला आम है, वहाँ जाने वाले लोगों को ये भी करना चाहिए:

  • बिना पके खाने से बचें, जिनमें फल और सब्ज़ियाँ शामिल हैं, जब तक कि आप उन्हें खुद छील न सकें
  • केवल बोतलबंद या उबला हुआ पानी पिएँ
  • बिना उपचारित पानी न पिएँ, जिसमें बर्फ और पानी में मिलाए गए पेय शामिल हैं
  • सड़क के स्टॉल से भोजन बेचने वालों के खाद्य-पदार्थ खाने से बचें
  • सुनिश्चित करें कि गर्म खाना अच्छी तरह पका हो और गर्म ही खाया जाए।

जिन लोगों को शिगेला संक्रमण है, उन्हें चाहिए:

  • जब वे बीमार हों तो खाना न बनाएँ या दूसरों की देखभाल न करें
  • लक्षण होने पर काम पर न जाएँ। जो लोग खाना बनाने का काम करते हैं (जैसे कि रसोई कर्मचारी और वेटर, कसाई); और जो मरीज़ों, बच्चों या बुज़ुर्गों की देखभाल करते हैं, उन्हें दस्त बंद होने के 48 घंटे बाद तक काम पर नहीं लौटना चाहिए। बच्चों, खासकर जो diaper पहनते हैं, उन्हें दस्त बंद होने के 24 घंटे बाद तक चाइल्डकैअर से दूर रखा जाना चाहिए।
  • शिगेला को मुँह में फैलने से रोकने के लिए, गुदा के संपर्क में आने वाली जगह पर यौन संबंध न बनाएँ।
  • दस्त बंद होने के 2 सप्ताह बाद तक तैरना न शुरू करें।

शिगेला का निदान कैसे किया जाता है?

डॉक्टर मल (poo) के नमूने की जाँच करेंगे।

शिगेला का इलाज कैसे किया जाता है?

शिगेला संक्रमण से पीड़ित लोगों को आमतौर पर उनके डॉक्टर बीमारी की गंभीरता और अवधि को कम करने के लिए एंटीबायोटिक्स देते हैं। एंटीबायोटिक्स उस समय को भी कम कर सकते हैं जब व्यक्ति दूसरों के लिए संक्रामक होता है।

शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए खूब सारा तरल पदार्थ पीना ज़रूरी है। छोटे बच्चों (खासकर शिशुओं) को दस्त से शरीर में पानी की कमी का खतरा होता है और माता-पिता को चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।

जन स्वास्थ्य प्रतिक्रिया क्या है?

प्रयोगशालाओं को स्थानीय जन स्वास्थ्य इकाई को शिगेला के मामलों की सूचना देनी आवश्यक है। जन स्वास्थ्य इकाई के कर्मचारी मामलों और उनके देखभालकर्ताओं का साक्षात्कार लेंगे और संक्रमण के स्रोत की पहचान करने और आगे के मामलों को नियंत्रित करने का प्रयास करेंगे।

अतिरिक्त संसाधन

अधिक जानकारी के लिए, मुफ़्त और गोपनीय भाषा सहायता के लिए अनुवाद एवं दुभाषिया सेवा (TIS) को 131 450 पर कॉल करें। उन्हें अपनी भाषा बताएँ और बताएँ कि आप इनसे बात करना चाहते हैं:

  • अपकी स्थानीय जन स्वास्थ्य इकाई से 1300 066 055 पर
  • 24 घंटे निःशुल्क स्वास्थ्य सलाह के लिए healthdirect से 1800 022 222 पर
Contact page owner: One Health